एका गाने में राजवीर जवंदा। – फाइल फोटो
पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा की हालत में 10 दिन बाद भी कोई खास सुधार नहीं है। एक तरफ जवंदा मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में वेंटिलेटर पर हैं, तो दूसरी तरफ पूरे प्रदेश में फैंस-परिजन उनके लिए अरदास कर रहे हैं।
.
रविवार को भी जवंदा की सलामती के लिए मोहाली के गुरुद्वारा श्री अम्ब साहिब में अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। यह पाठ जवंदा की मां और साथी कलाकारों ने शुरू कराया था। जिसमें पंजाबी सिंगर हरभजन मान भी शामिल हुए।
बता दें कि जवंदा का 27 सितंबर को बाइक पर शिमला जाते वक्त पिंजौर-नालागढ़ रोड पर एक्सीडेंट हो गया था। जब वे 4 अन्य साथियों के साथ बाइक पर जा रहे थे तो पिंजौर में रोड पर 2 सांड आपस में लड़ रहे थे। इनसे बचने के चक्कर में जवंदा की बाइक सामने से आ रही बोलेरो से टकरा गई।
वहां से उन्हें पहले पंचकूला लाया गया, फिर मोहाली में भर्ती कराया गया। इसके बाद वह वह लगातार वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उनके दिमाग में ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं हो रही है। जिस वजह से ज्यादा हालत खराब है।
अस्पताल ने 2 दिन से बुलेटिन बंद किए जवंदा को एडमिट करने के बाद 27 सितंबर से लेकर 3 अक्टूबर तक अस्पताल की तरफ से रोजाना मेडिकल बुलेटिन जारी किए गए। हालांकि 3 अक्टूबर को आखिरी बुलेटिन जारी किया गया। इसके बाद अस्पताल के प्रवक्ता ने कहा कि जवंदा की हालत पहले जैसी ही बनी हुई है, इसलिए उनके पास बताने को कुछ नहीं है। इस वजह से अब डेली मेडिकल बुलेटिन बंद किया जा रहा है।

