पंजाबी गायक गुरु रंधावा ने ‘सरदार जी 3’ विवाद के बीच दिलजीत दोसांझ पर निशाना साधते हुए एक क्रिप्टिक पोस्ट लिखा था। इसके बाद सिंगर को सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। फिर कुछ देर बाद गुरु रंधावा ने अपना एक्स अकउंट बंद कर दिया। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
Trending Videos
गुरु रंधावा हुए ट्रोल
बीते दिन गुरुवार को गायक गुरु रंधावा ने ‘सरदार जी 3’ विवादों को लेकर दिलजीत दोसांझ पर निशाना साधते हुए एक ट्वीट किया था। हालांकि, बताते चलें कि उन्होंने उसमें किसी का नाम नहीं लिया था। इसके बाद नेटिजंस ने उन्हें ट्रोल करते हुए कहा वो खुद के प्रचार के लिए इस विवाद में कूद रहे हैं। इसके बाद गायक ने किसी भी बात की प्रतिक्रिया ना देते हुए, सीधे अपना एक्स अकाउंट ही डिलीट कर दिया। अब उनका एक्स अकाउंट खोलने पर दिखाता है कि ऐसा कोई अकाउंट है ही नहीं।
कहां से शुरु हुआ मामला?
सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसमें उनके साथ पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर भी नजर आ रही थीं। इसे देखते ही नेटिजंस अभिनेता पर भड़क गए और उन्हें देश का दुश्मन तक बताने लगे। इस बढ़ते विवाद पर कई सितारों ने भी प्रतिक्रिया दी। इसी कड़ी में गायक गुरु रंधावा ने भी दिलजीत दोसांझ का बिना नाम लिए कहा कि ये सब एक पीआर का खेल है। इसी के बाद से गुरु रंधावा को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
बता दें अमर हुंदाल के निर्देशन में बनी ‘सरदार जी 3’ अब भारत में रिलीज नहीं होगी। इसे आज यानी कि 27 जून को सिर्फ इंटरनेशनल सिनेमाघरों में रिलीज किया जा रहा है। अब पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने भी फिल्म को मंजूरी दे दी है।